अंबिकापुर। कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत गुरूवार को जरही में नृशंस हत्या की शिकार छात्रा के स्वजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट किए। 25 मार्च को जरही में एसईसीएल के एक कर्मचारी की पुत्री की हत्या हुई थी। कैबिनेट मंत्री ने छात्रा के स्वजनों को आश्वस्त किया कि आरोपित को पुलिस ने न्यायिक रिमांड में भेजा है, मृत बेटी और उनके स्वजनों को न्याय मिलेगा। मंत्री भगत ने मृत छात्रा के पिता के उपचार हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा करते हुए अधिकारियों से उनका पूरा ख्याल रखने कहा। मंत्री अमरजीत भगत ने कहा वे पीडि़ता के माता-पिता और प्रियजनों के दु:ख को कम तो नहीं कर सकते, मगर उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ है। विदित हो कि घटना की खबर मिलते ही मंत्री अमरजीत भगत ने इसे संज्ञान में लिया था और सूरजपुर पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल से फोन पर बात कर उचित कार्रवाई व आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इस संबंध में मुख्य संदिग्ध की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
Leave a reply
