samvaad
छत्तीसगढ़

केंद्र सरकार ने रसोई को भी नहीं छोड़ा, आमजनों का घरेलू बजट बिगड़ गया एनएसयूआई ने कार-मोटरसाइकिल को धक्का देकर पेट्रोल-डीजल व गैस के बढ़े दाम का किया विरोध


अंबिकापुर। एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव हिमांशु जायसवाल ने छात्रों के साथ बेतहाशा बढ़ती महंगाई को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कार और मोटरसाइकिल को धकेलकर कार्यकर्ताओं ने सरकार को जगाने का प्रयास किया। केंद्र में बैठी मोदी सरकार के द्वारा निरंतर पेट्रोल, डीजल एवं गैस के दाम में वृद्धि की जा रही है, जिससे देश मे महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। इसका विरोध हर वर्ग के लोग कर रहे हैं। लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। इसके बाद भी केंद्र की मोदी सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
हिमांशु जायसवाल ने कहा कि महंगाई से आम जनमानस को बहुत दिक्कत हो रही है। रोजमर्रा के उपयोग में आने वाले सामान का दाम आसमान पर है। छात्रों पर भी इसका असर पड़ा है। दूर-दराज से आने वाले छात्रों पर किराए का अतिरिक्त बोझ है। महंगाई से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। चुनाव तक जुमले बाजी में लगे मोदी सरकार को आम जनता को होने वाली दिक्कतों से कोई लेना-देना नहीं है। आशीष जायसवाल ने कहा कि उत्तरप्रदेश चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है, जो दर्शाता है कि चुनाव से केंद्र सरकार का वास्ता रहा, आम जनता से नहीं। उन्होंने कहा कि अगर पेट्रोलियम पदार्थ व रसोई गैस के दाम में कमी नहीं हुई तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान हिमांशु के साथ आकाश यादव, धीरज गुप्ता, अभिषेक सोनी, ऋषभ, अंकित, अभिषेक, सरिता सोनी, नताशा, रोमी, साक्षी, आंचल, सोमा, रजत, क्षितिज, आयुष सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply