प्रतापपुर। जनपद पंचायत के सभाकक्ष में जनपद अध्यक्ष जगतलाल आयाम ने तकनीकी सहायक, करारोपण अधिकारी, पंचायत सचिव के साथ समीक्षा बैठक ली। बैठक में उपाध्यक्ष प्रतिनिधि संजीव श्रीवास्तव, जपं के सीईओ निजामुद्दीन, पंचायत इंस्पेक्टर राधेलाल पैकरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। जनपद अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरुवा, घुरवा, बाड़ी, गोधन न्याय योजना, सामुदायिक शौचालय, लोक सेवा गारंटी, वन अधिकार पत्र, मनरेगा कार्यों की गहन समीक्षा की और सचिवों को कार्यों को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरपंच-सचिवों को लोगों को टीकाकरण एवं आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। 15वें वित्त की राशि के उपयोग के लिए कार्ययोजना तैयार कर अधिकांश राशि स्वच्छता एवं पेयजल उपलब्ध कराने के कार्यों में उपयोग करने की बात कही। उन्होंने ग्रामीण सचिवालय की नियमित बैठक आयोजित करने एवं जिले में नामांतरण, बंटवारा के लिए चलाए जा रहे अभियान पर विशेष ध्यान देते हुए प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण करने की हिदायत दी। उन्होंने महिला समूह को गौठान के माध्यम से विभिन्न आजीविका से जोड़कर उन्हें स्वावलंबी बना गौठान को आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए। इस हेतु सभी सरपंच, सचिवों को एक-एक गतिविधियों का चयन कर उसका गौठानों में संचालन कराने की बात कही।
मूल्यांकन की धीमी गति पर हुए नाराज-
जनपद अध्यक्ष जगत लाल आयाम ने मनरेगा के कार्यों की समीक्षा करते हुए ज्यादा से ज्यादा कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने एवं लक्ष्य अनुसार मानव दिवस अर्जित करने की हिदायत दी। उन्होंने गत वर्षों के पूर्ण हो चुके कार्यों की पूर्णता पत्र जमा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कई निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद भी मूल्यांकन से होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी कार्यों में तत्काल मूल्यांकन सत्यापन कर सीसी जारी करने का निर्देश दिया।
जनपद अध्यक्ष ने बैठक लेकर कहा मुख्यमंत्री के सुराजी गांव के सपनों को करें साकार टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, नामांतरण, बंटवारा, मनरेगा 14वें-15वें वित्त सहित अन्य कार्यों की समीक्षा

Leave a reply