अंबिकापुर। भारतीय जन नाट्य संघ इप्टा अंबिकापुर द्वारा 23 मार्च को शहीदों की स्मृति में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में शहर के गणमान्य व्यक्ति, छात्र तथा विभिन्न संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में शामिल हुए। पिछले 35 सालों की परंपरा को निभाते हुए इप्टा के द्वारा बुधवार को शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु के सम्मान में उनकी शहादत दिवस पर प्रभात फेरी निकाली गई। सुबह सात बजे अंबिकापुर के गांधी चौक से प्रभात फेरी प्रारंभ हुई जो देवीगंज रोड से होते हुए महामाया चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। यहां सभी लोगों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद दो मिनट मौन धारण करके शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। अंत में इप्टा द्वारा जारी पर्चे का पाठ किया गया।
प्रभात फेरी के दौरान शहीदों को याद करते हुए गगनभेदी नारे लगाए गए, साथ ही शहीदों के प्रिय गीत मेरा रंग दे बसंती चोला और सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है का पाठ किया गया। इप्टा की अंबिकापुर इकाई के द्वारा एक पर्चा जारी किया गया, जिसमें देश की वर्तमान दुर्दशा पर चिंता व्यक्त की गई। सभा स्थल पर अंबिकापुर इप्टा के सदस्यों ने नगर निगम अंबिकापुर के जनप्रतिनिधियों से यह मांग रखी कि अब तक शहर में शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की स्मृति में कोई मूर्ति नहीं लगी है। किसी चौराहे को उनके नाम पर घोषित नहीं किया गया है। मांग की गई कि किसी चौराहे को भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के नाम पर घोषित कर उनकी प्रतिमा को स्थापित किया जाए। प्रभात फेरी में अंबिकापुर की कई संस्थाओं प्रगतिशील लेखक संघ, अखिल भारतीय एकजुटता एवं शांति संगठन, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव यूनियन, भगत सिंह अकादमी, रेहाना फाउंडेशन, विवेकानंद स्कूल, एमपीएसआर यूनियन, आदिवासी एकता मंच, रेलवे यूनियन छत्तीसगढ़, शिक्षक संघ, इंश्योरेंस इंप्लाइज यूनियन शहडोल डिवीजन, प्रगतिशील पेंशनर्स कल्याण संघ, भारतीय पेंशनर्स समाज, इड़ा साहित्यिक संस्था, सीजीपीवीएस, होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज, मार्गदर्शन कॉलेज, सेंट जेवियर कॉलेज, मणिपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, पीजी कॉलेज के विद्यार्थी अपने कार्यक्रम अधिकारी के साथ उपस्थित थे। इस आयोजन में अखिल भारतीय किसान सभा, छत्तीसगढ़ किसान सभा तथा सीटू एवं एटक के प्रतिनिधि भी उपस्थित हुए। परंपरागत ढंग से शहीद रथ के निर्माण में संजय शर्मा और ध्वनि विस्तारक यंत्र के सहयोग में धर्म गुप्त का सहयोग रहा। संपूर्ण आयोजन में युवा, छात्र-छात्राओं से लेकर वरिष्ठ और बुजुर्ग शामिल हुए। साथ ही जिला न्यायालय से वरिष्ठ अधिवक्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इप्टा अंबिकापुर के अध्यक्ष अंजनी पांडेय ने सभी सहयोगी संस्थाओं और शहर के नागरिकों तथा स्कूली संस्थाओं का सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु की स्मृति में किसी चौराहे का करें नामकरण शहीदों की स्मृति में इप्टा ने शहर में निकाली प्रभात फेरी, लगे गगनभेदी नारे

Leave a reply