राजपुर। लंबित मामलों के निराकरण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला न्यायाधीश बलरामपुर-रामानुजगंज सिराजुद्दीन कुरैशी ने तहसील अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं से चर्चा करते हुए कहा कि अधिकतम मामलों के निपटारे को लक्ष्य बनाकर चलें। उन्होंने कहा कि जितने अधिक मामले निराकृत होंगे उससे लंबित मामलों में कमी आएगी। इसके अलावा लंबे समय से लंबित मामले जिनका निराकरण समझौता के माध्यम से लोक अदालत में नहीं हो सकता है, उसमें भी तेजी आएगी। अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक मामले निपटारे के लिए यथासंभव कोशिश करने की अपेक्षा करते हुए जिला न्यायाधीश ने आगामी लोक अदालत 12 मार्च को सफल बनाने कहा है। इस दौरान स्थानीय अधिवक्ताओं ने राजपुर में अपर जिला सत्र न्यायालय की पूर्व से लंबित मांग को पूरा करने कहा, जिस पर जिला न्यायाधीश द्वारा समुचित पहल करने की बात कही गई। इसके पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेशमा बैरागी और स्थानीय व्यवहार न्यायाधीश आकांक्षा बेक ने समस्त विभाग प्रमुखों, राजस्व अधिकारियों के साथ नगर के विश्रामगृह में चर्चा कर लोक अदालतों के माध्यम से प्रकरणों के निपटारे के लिए समुचित पहल करने कहा गया था। सभी बैंक प्रमुखों को भी कहा गया है कि सभी बकाएदारों को लोक अदालत के माध्यम से समझौता कराकर बकाया राशि चुकता करने के समय पूर्व लोक अदालत की नोटिस तामिली करा दी जाए, ताकि आगामी लोक अदालत पर अधिक से अधिक बकाएदार उपस्थित होकर बकाया ऋण चुकता कर सकें। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ राजपुर के अध्यक्ष जय गोपाल अग्रवाल, सचिव सुनील सिंह, उमेश झा, जितेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र जायसवाल, संजय पांडेय, टीएस पैकरा, सुनील चौबे, अशोक बेक के अलावा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चेतन साहू, तहसीलदार राजपुर सुरेश राय के अलावा शंकरगढ़, कुसमी व अन्य विभागों के प्रमुख भी मौजूद थे।
Leave a reply
