अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर बारातियों को लेकर आ रही स्कूल बस सोमवार को देर रात पलट गई। बस में लगभग ढाई दर्जन लोग सवार थे। दर्दनाक हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों का उपचार राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में चल रहा है। दुर्घटना में बस चालक की घोर लापरवाही सामने आ रही है। घायलों के स्वजनों का कहना है कि ड्राइवर तेज रफ्तार में बस तो चला ही रहा था, बीच-बीच में स्टेयरिंग छोड़कर गाना गाते झूम रहा था। चालक को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए कहा गया लेकिन वह नहीं माना। इसी दौरान एक वाहन से साइड लेते तेज रफ्तार बस अचानक पलट गई, जिससे कोहराम की स्थिति बन गई। वैवाहिक आयोजन के मौके पर हुए हादसे से शादी वाले घर में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिकिलमा से सोमवार को बारातियों को लेकर एक स्कूल बस दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ादमाली आई थी। रात करीब 11 बजे बस चालक डेढ़ दर्जन बारातियों को लेकर वापस लौट रहा था, जिसमें तीन साल के मासूम बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सवार थे। अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर से लगे ग्राम लालमाटी के पास निर्माणाधीन सड़क पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ग्राम सायर राईं निवासी 3 वर्षीय राजेंद्र पिता एतवा व दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम सखौली नवापारा निवासी 15 वर्षीय भारती पिता मत्तू की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि आठ से अधिक लोग घायल हो गए थे। इनमें से ग्राम सायर राई निवासी जीवन मिंज 50 वर्ष व एक अन्य की हालत गंभीर थी। गंभीर रूप से घायल जीवन मिंज की भी अस्पताल में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वर-वधु पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए थे।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
बारातियों से भरी बस पलटने की सूचना मिलने पर सरगुजा एसपी अमित तुकाराम काम्बले, एएसपी विवेक शुक्ला, कोतवाली टीआई निरीक्षक राहुल तिवारी पूरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायलों को संजीवनी 108 की मदद से राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रबंधन के द्वारा प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई थी। हादसे में 3 लोगों की मौत से शादी वाले घर में मातम पसरा हुआ है।
स्टेयरिंग छोड़ झूम रहा था ड्राइवर-
घायलों के परिजनों के अनुसार बस को चालक काफी तेज रफ्तार में बस चला रहा था। वह बीच-बीच में स्टेयरिंग छोड़कर गाना गाते झूमने लगता, जिससे खतरे की स्थिति बनी थी। बस में सवार बारातियों ने उसे ऐसा करने से मना किया लेकिन वह नहीं माना, इसी बीच हादसा हो गया और 3 लोगों की जान चली गई। बस रघुनाथपुर क्षेत्र में संचालित एक स्कूल से किराए पर बारात के लिए ली गई थी।
राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में लेटलतीफी
जिस जगह पर हादसा हुआ वहां एक ओर ही सड़क बन पाई है जबकि दूसरी ओर कीचड़ ही कीचड़ है। चालक के द्वारा सावधानी नहीं बरतने से बस में सवार लोगों की जान खतरे में पड़ गई वहीं मासूम सहित तीन लोगों की असमय मौत हो गई। गौरतलब है कि अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की मियाद पहले ही पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है। सड़क की दुर्गति के कारण इस मार्ग में कई हादसे हो चुके हैं, इसके बाद भी जिम्मेदारों की आंखें नहीं खुल रही है। आधे-अधूरे निर्माण के कारण ही राष्ट्रीय राजमार्ग में भारी जाम लगने की स्थिति आए दिन बनती है। पूर्व में हुई पीएससी की परीक्षा में करीब एक हजार अभ्यर्थी जाम में फंसने के कारण शहर नहीं पहुंच पाए थे और उन्हें परीक्षा से वंचित होना पड़ा था।
राष्ट्रीय राजमार्ग में बारातियों से भरी स्कूल बस पलटी, मासूम सहित 3 की मौत घायल बारातियों ने कहा-बस चालक की लापरवाही से हुई दुर्घटना

Leave a reply