samvaad
छत्तीसगढ़

प्राचार्य को हटाने व सीबीएससी के शिक्षकों की नियुक्ति की मांग 0 कलेक्ट्रेट पहुंचे एकलव्य विद्यालय के छात्रों ने किया एनएच जाम 0 छात्रों से मिले कलेक्टर संबंधितों को जांच व निराकरण के दिए निर्देश

सूरजपुर। प्राचार्य को हटाने व गुणवत्तायुक्त शिक्षा हेतु सीबीएससी के शिक्षकों की नियुक्ति सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार  सुबह जिला मुख्यालय पहुंचे बंजा एकलव्य विद्यालय के छात्रों ने कलेक्ट्रेट के  सामने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। जिससे आवागमन बाधित रहा।  घंटो अपनी मांगों के समर्थन में नारे बाजी कर रहे छात्रों को मनाने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन को काफी मसक्कत करना पड़ा। संयुक्त कलेक्टर शिव बनर्जी व पुलिस अधिकारियों की समझाईस के बाद छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर डॉ गौरव सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याओं व मांगो के संबंध में चर्चा की। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के निराकरण हेतु निर्देशित किया है। छात्रों का आरोप था कि सीबीएससी के शिक्षक नहीं होने के कारण उन्हें गुणवत्तायुक्त शिक्षा नहीं मिल पा रही है। वहीं प्राचार्य से नाराजगी के विषय मे छात्रों ने बताया कि वे अपनी समस्याओ के निराकरण की दिशा में पहल करने के लिए कई बार प्राचार्य का ध्यानाकर्षण कराते हुए सार्थक पहल करने की मांग किए। परंतु उनके कान में जूं तक नही रेंगा। जिससे उनकी पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है। साथ ही विद्यालय में भोजन, गणवेश सहित अन्य समस्याओं से भी उन्हें दो चार होना पड़ रहा है। इन्ही सब समस्याओ से निजात दिलाने की मांग को लेकर वे यहां कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्होंने सड़क जाम किया है।

0निरंतर करें परिश्रम जरूर मिलेगी सफलता-डॉ गौरव
 कलेक्टर डॉ सिंह बच्चों से बड़ी सरलता एवं आत्मीयता से संवाद कर समस्याओं से अवगत होकर जहां जांच व समस्याओं  के निराकरण हेतु संबंधितों को निर्देश दिये। वहीं उन्होंने बच्चों को अच्छे भविष्य के लिए निरंतर परिश्रम करने प्रेरित किया। उत्साहित छात्रों ने समस्याओं से ज्यादा अपने कैरियर के संबंध में सवाल पूछा। छात्रों ने आईएएस कैसे बनते हैं, सभी विषयों की पढ़ने के तरीके, प्रतियोगी परीक्षा तैयारी करने के तरीके, साक्षात्कार आदि के संबंध में कलेक्टर से पूछा। कलेक्टर ने सभी बच्चों को समझाइश देते हुए कहा कि जीवन में समस्याएं आती है। लेकिन समस्याओं से ज्यादा उसका समाधान करना होता है। समस्याओं का समाधान आवश्यकता और जरूरत के आधार पर किया जाएगा। आपका काम पढ़ाई कर अपना भविष्य बनाना है। मंजिल पाने के लिए कोई भी शॉर्टकट विकल्प नहीं है। निरंतर शत प्रतिशत कड़ी परिश्रम करें सफलता जरूर मिलेगी। शिक्षक आपके गुरु और मार्गदर्शक होते हैं परिश्रम स्वयं को करना होता है। उन्होंने समय का प्रबंधन बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी बच्चों को अनुशासित रहकर पढ़ाई एवं परिश्रम करने कहा है। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर  शिव बनर्जी, एसडीएम  रवि सिंह, एसडीओपी श्रीमती गीता गीता वाधवानी , सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग विश्वनाथ रेड्डी  उपस्थित थे।

Leave a Reply