अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस के द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने हेतु पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला व यातायात प्रभारी जयराम चारमको के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 26 फरवरी 2022 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सरगुजा जिले के सभी बड़े स्कूलों के प्राचार्य एवं प्रबंधकों की बैठक ली और उन्हें स्कूल लगने एवं छुट्टी होने के समय ट्रैफिक व्यवस्था बाधित ना हो इस संदर्भ में आवश्यक समझाइश दी गई। स्कूल प्रबंधकों को बताया गया कि बच्चों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है, इसके लिए वे अपने निजी गार्ड को स्कूल लगने और छुट्टी होने के समय सड़कों पर लगाएं ताकि कोई अनहोनी या दुर्घटना ना हो। ट्रैफिक व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक बल के साथ स्कूल की व्यवस्था भी लगाना सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के द्वारा सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्कूल में ऐसे सभी बच्चे जो स्वयं मोटरसाइकिल या गाड़ी चलाकर आते हैं, उनकी सूची बनाएं ताकि ऐसे बच्चे जो 18 वर्ष से कम उम्र के हैं, उन पर सरगुजा पुलिस नोटिस जारी कर कठोर कार्रवाई कर सके। बैठक में शासकीय स्कूलों के प्रिंसिपल के अतिरिक्त मुख्य रुप से होलीक्रॉस, कार्मेल, विवेकानंद स्कूल, सनराइज स्कूल, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल सहित अन्य के प्राचार्य व प्रबंधक शामिल हुए। उन्होंने इस बात पर सहमति दी कि वे पार्किंग व्यवस्था के सुधार के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा हेतु समस्त उपाय करेंगे। उन्होंने व्यवस्था के तहत निजी गार्ड लगाने व स्कूल की बसों के सभी सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की बात भी कही है।
नाबालिग दोपहिया वाहनों से स्कूल गए तो होगी कठोर कार्रवाई एएसपी ने स्कूलों के प्राचार्य एवं प्रबंधकों की बैठक ली

Leave a reply