अंबिकापुर। सीतापुर पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित शनिवार की दोपहर सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम चिड़ापारा, गांधीपारा निवासी एक महिला के घर में शराब पीने के बहाने बाइक से पहुंचे और महिला का पर्स लूट कर फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम चिड़ापारा, गांधीपारा निवासी टिग्गो लकड़ा पति रामनाथ लकड़ा 29 वर्ष, शनिवार की दोपहर एक बजे घर में थी। तभी दो युवक बाइक से उसके घर में शराब पीने के बहाने आए। जाते समय नशेड़ियों ने पर्स लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना की रिपोर्ट सीतापुर थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। इनकी तलाशी के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपित सीतापुर क्षेत्र में देखे गए हैं। पुलिस ने आरोपित अयूब खान पिता सलीम खान 32 वर्ष निवासी नमनाकला थाना गांधीनगर हाल मुकाम जोबाटीकरा व अब्दुुल नसीम पिता नसीम खान 23 वर्ष निवासी सीतापुर मुलाजिमपारा थाना सीतापुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूट की रकम पांच हजार रुपये, दो आधार कार्ड, घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपितों में अब्दुुल नसीम पूर्व में छह बार चोरी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपितों की गिरफ्तारी में टीआई सीतापुर रूपेश नारंग के अलावा हरिशंकर सिंह, शिवचरण साहू, अभिषेक सिंह, आलोक गुप्ता, एहसान फिरदौसी, जितेंद्र सिंह, पंकज देवांगन शामिल थे।
Leave a reply
