0 जिपं सीईओ ने की विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा
सूरजपुर। जिले में मनरेगा अंतर्गत संचालित विकासात्मक एवं विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों के प्रगति की जिपं सीईओ राहुल देव ने विकासखंड वार समीक्षा की। शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी अंतर्गत विकास कार्य किए जा रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ करते हुए निरंतर कार्य जारी रखने के निर्देश दिए हैं तथा प्रत्येक गौठानो में रोजगार की उपलब्धता बनी रहे इसके लिए निरंतर मल्टी एक्टिविटी के कार्य को जारी रखने कहा है। मनरेगा अंतर्गत सभी विकास खंडों में किये जा रहे विभिन्न कार्यो को निर्धारित कार्य दिवस के लक्ष्य को ध्यान में रखकर महिलाओं को प्राथमिकता से कार्य देने कहा है। उन्होंने वन अधिकार पत्र प्राप्त हितग्राहियों को भी मनरेगा अंतर्गत कार्य उपलब्ध कराने कहा है तथा भुगतान की प्रक्रिया समय अवधि में करने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी जनपद सीईओ को गौठानों में मल्टी एक्टिविटी के कार्यों हेतु मुर्गी शेड, बकरी शेड, मछली पालन, मशरूम सहित अन्य गतिविधियां निरंतर संचालित करने जिले के सभी गौठनो में प्रारंभ करें निर्देशित किया है। जिससे रोजगार की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। उन्होंने गौठनों में गोधन न्याय योजना अंतर्गत गोबर खरीदी करने, खाद निर्माण करने, खाद की बिक्री करने निर्देशित किया है। जिला पंचायत सीईओ ने जिन गौठानो में गोबर खरीदी नहीं की जा रही है, वहां प्राथमिकता के साथ गोबर खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित करने जनपद सीईओ को दिए हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत किए जा रहे शौचालय निर्माण कार्यों की समीक्षा की तथा शौचालय को गुणवत्ता युक्त निर्माण करने तथा अपूर्ण कार्य शीघ्र पूर्ण करने कहा है। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर घर पानी पहुंचाने का कार्य चल रहा है उस पर निर्धारित गाइडलाईन का पालन करते हुए पाइप एवं पंप लगाने स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र सहित जहां भी लग रहे हो उसे प्राथमिकता से पूर्ण करने निर्देश दिए। उन्होंने अवैध रेत खनन पर कार्रवाई करने की जानकारी लेकर सरपंच सचिव के माध्यम से जानकारी लेकर अवैध रेत पर कार्रवाई करने कहा है। जिले में प्रधानमंत्री सड़क ग्राम योजना तहत बनाए जा रहे, सड़कों के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी करने निर्देशित किया। सभी जनपद पंचायत सीईओ, तकनीकी सहायक, पी ओ उपस्थित थे।
