सूरजपुर। जमीन संबंधी पारिवारिक विवाद के कारण एक युवक ने अपने बड़े पिता व चचेरे भाई पर टांगी से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया है। वारदात कुंजनगर के झारपारा में बीती शाम को हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि बुधवार को ग्राम कुंजनगर की चन्द्रमनिया राजवाड़े ने जयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि शाम को उसके ससुर कलम साय घर में खाट पर तथा पति परस राम घर के बरामदा में कुर्सी में बैठे थे। वह ससुर को खाना देकर घर के अंदर चली गई उसी समय जगधर राजवाड़े हाथ में टांगी लेकर आया और ससुर और पति को टांगी से सिर व गले पर प्रहार कर हत्या कर दिया है। मामले की रिपोर्ट पर धारा 450, 302 का मामला पंजीबद्व किया गया। दोहरे हत्या के मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने थाना प्रभारी जयनगर को प्रकरण में अधिक से अधिक साक्ष्य संकलन कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार के निर्देश दिए। इधर घटना के तुरंत बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एफएसएल अधिकारी एस.के.सिंह व थाना जयनगर की टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर घटना को अंजाम देने वाले आरोपी जगधर राजवाड़े पिता चन्द्रभान को पकड़ा लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अपने बड़े पिता से पैतृक जमीन के हिस्सा बंटवारा को लेकर काफी पूर्व से विवाद था। इसी बात को लेकर बड़े पिता व चचेरे भाई को टांगी से मारकर हत्या कर दिया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सुभाष कुजूर, एसआई नरेन्द्र त्रिपाठी, दिनेश राजवाड़े, प्रधान आरक्षक मुकेश्वर वर्मा, रजनीश त्रिपाठी, आरक्षक विकास मिश्रा, रवि पाण्डेय, रमेश कसेरा, सोनू सिंह, दीपक दुबे, नीरज झां, कृष्णा कुमार सिंह व कामेश्वर नेताम सक्रिय रहे।
